Home डेली न्यूज़ हिमाचल में फिर बदला मौसम का मिजाज: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी,...

हिमाचल में फिर बदला मौसम का मिजाज: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, अटल टनल मार्ग बंद

32
0

भूपेंद्र ठाकुर/शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बुधवार सुबह से राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है, वहीं शिमला सहित कई मैदानी भागों में बारिश दर्ज की गई है। एक दिन की धूप के बाद हुए इस बदलाव से प्रदेश भर में ठंड एक बार फिर बढ़ गई है।

अटल टनल सहित दर्रों पर बर्फबारी, यातायात ठप:

रोहतांग दर्रा, बारालाचा, शिंकुला और कुंजम दर्रा सहित कई ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह से बर्फबारी का सिलसिला जारी है। दोपहर बाद अटल टनल, कोकसर, घेपन पीक, बड़ा और छोटा शिगरी ग्लेशियर और चंद्रा घाटी में भी बर्फबारी शुरू हो गई। इस भारी बर्फबारी के कारण पुलिस ने अटल टनल की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि अटल टनल में भारी बर्फबारी के चलते फिलहाल यातायात बंद कर दिया गया है। सुबह नेहरूकुंड में ही वाहनों को रोक दिया गया था। दोपहर बाद फोर व्हील ड्राइव वाहनों को सोलंगनाला तक जाने की अनुमति दी गई, जबकि शाम चार बजे के बाद कुछ वाहनों को अटल टनल की ओर भी रवाना किया गया। हालांकि, आम वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक जारी है और केवल आपात स्थिति में ही फोर बाई फोर वाहनों को लाहौल की ओर भेजा जा रहा है।

तीन दिनों तक भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट:

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आने वाले दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार:

·18, 19 और 20 मार्च: राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की प्रबल संभावना है।

· 19 और 20 मार्च (ऑरेंज अलर्ट): चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और लाहौल-स्पीति जिलों के अलग-थलग स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

· तेज हवाएं और ओलावृष्टि: इस दौरान कई भागों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने और ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिससे किसानों और आम जनजीवन पर प्रभाव पड़ सकता है।

·21 से 24 मार्च: राज्य के ऊंचाई वाले कुछ अलग-थलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here