भावना ठाकुर,
05 जुलाई / सोलन।
भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के सूचना प्रौद्योगिकी (IT) विभाग के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अरुष गुप्ता ने कांग्रेस मुख्यालय में एक महिला पत्रकार के साथ हुई अभद्रता, हाथापाई और दुर्व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए पीड़ित महिला पत्रकार के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया है। अरुष गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ माना जाता है, जो जनता की आवाज़ को निडरता से सामने लाता है। लेकिन कांग्रेस मुख्यालय के भीतर एक ऑन-ड्यूटी महिला पत्रकार के साथ जिस तरह की बेअदबी और हाथापाई की गई, उसने कांग्रेस की मानसिकता को पूरी तरह उजागर कर दिया है।

राजनीतिक कार्यालयों में महिला मीडियाकर्मियों के साथ इस तरह का हिंसक व्यवहार बेहद चिंताजनक और अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो पार्टी मंचों से महिला सुरक्षा और नारी सम्मान के बड़े-बड़े दावे करती है, उसके अपने मुख्यालय के भीतर एक महिला सुरक्षित नहीं है। इस संवेदनशील मामले पर कांग्रेस आलाकमान की चुप्पी उनकी मंशा पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। भाजपा नेता अरुष गुप्ता ने प्रशासन और कांग्रेस संगठन से मांग की है कि इस घटना में सम्मिलित दोषी के विरुद्ध कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश भाजपा और पूरा मीडिया जगत इस लड़ाई में पीड़ित महिला पत्रकार के साथ मज़बूती से खड़ा है और जब तक न्याय नहीं मिल जाता, इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा।








