भूपेंद्र ठाकुर,
05 जुलाई / शिमला।
पिछले दो सप्ताह के दौरान जिला शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई कर कई तस्करों को गिरफ्तार किया तथा हेरोइन/चिट्टा की खेप बरामद की। इस अवधि में कुल 7 अभियोग पंजीकृत किए गए तथा लगभग 157 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।

दिनांक 23.06.2026 को डिटेक्शन सेल उपमण्डल रोहड़ू ने गुप्त सूचना के आधार पर नालू, महेन्दली के समीप एक कार को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड के भीतर छिपाकर रखी गई एक प्लास्टिक पुड़िया से लगभग 5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में अभियोग संख्या 64/2026, अधीन धारा 21, 25 एवं 29 ND&PS Act, पुलिस थाना रोहड़ू पंजीकृत किया गया। मामले में मनोरंजन कुमार, गोपी चन्द एवं रजत औक्टा (सभी निवासी जुब्बल, शिमला) के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है तथा अभियोग का आगामी अन्वेषण जारी है।
दिनांक 24.06.2026 को स्पेशल सेल शिमला ने एनएच-05 शोघी के पास नाकाबंदी के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर एक टैक्सी को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान विशाल महन्ता (चियोग, शिमला) के कब्जे में मौजूद एक कैरी बैग में रखे जूस के डिब्बे के अंदर से 27 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में अभियोग संख्या 125/2026, अधीन धारा 21 ND&PS Act, पुलिस थाना बालूगंज पंजीकृत किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
उसी रात्रि होटल स्वास्तिक इन, एनएच-05 के समीप गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई में सुनील कुमार (मूल निवासी दरभंगा, बिहार, वर्तमान निवासी शिमला) की तलाशी के दौरान उसके कैरी बैग में रखी एक सिगरेट की डिब्बी के भीतर फॉयल पेपर में लिपटा लगभग 9 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में अभियोग संख्या 126/2026, अधीन धारा 21 ND&PS Act, पुलिस थाना बालूगंज पंजीकृत किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
दिनांक 26.06.2026 को मुखबिर की सूचना पर एक मोटरसाइकिल को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखे एक पारदर्शी पॉलीथीन पैकेट से लगभग 31 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में विशार्थ आर्यन राणा एवं काव्या सिंह नेगी के विरुद्ध अभियोग संख्या 128/2026, अधीन धारा 21 एवं 29 ND&PS Act, पुलिस थाना बालूगंज पंजीकृत किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय द्वारा न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
दिनांक 02.07.2026 को स्पेशल सेल शिमला ने गुप्त सूचना के आधार पर घोड़ा चौकी स्थित एक किराये के कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में गद्दे के नीचे छिपाकर रखा लगभग 7 ग्राम हेरोइन/चिट्टा तथा ₹26,000 नकद बरामद किया गया। इस संबंध में अभियोग संख्या 129/2026, अधीन धारा 21 एवं 29 ND&PS Act, पुलिस थाना बालूगंज पंजीकृत किया गया। आरोपी राकेश कुमार (ज्वालामुखी, कांगड़ा) एवं हेमराज (जुब्बल, शिमला) को गिरफ्तार कर 06.07.2026 तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।

इसी दिन पुलिस थाना सुन्नी क्षेत्र में गुप्त सूचना पर गौतम निवास, सुन्नी चौक स्थित एक कमरे की तलाशी के दौरान करण गौतम (सुन्नी, शिमला) के कब्जे से लगभग 13 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में अभियोग संख्या 26/2026, अधीन धारा 21 ND&PS Act, पुलिस थाना सुन्नी पंजीकृत किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर 06.07.2026 तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
दिनांक 03.07.2026 को पुलिस थाना कोटखाई की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एक वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान रक्षित चौहान, राहुल शर्मा एवं लवली शर्मा (सभी निवासी कोटखाई, शिमला) के कब्जे से लगभग 64 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। इस संबंध में अभियोग संख्या 60/2026, अधीन धारा 21 एवं 29 ND&PS Act, पुलिस थाना कोटखाई पंजीकृत किया गया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 07.07.2026 तक पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
जिला शिमला पुलिस मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को ध्वस्त करने तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने के उद्देश्य से सभी मामलों में गहन अन्वेषण कर रही है। नशा तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।








