अनूप ठाकुर,
12 अगस्त/ राजगढ़ (सिरमौर)।
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के राजगढ़ विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत दीदग के छिछड़ियां गांव में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। साफ मौसम के बीच एक दो मंजिला रिहायशी मकान अचानक ढह गया, जिससे उसमें मौजूद चार लोग मलबे में दब गए।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव अभियान शुरू किया। जेसीबी मशीनों और मानवीय प्रयासों से चारों को मलबे से निकालकर तुरंत नागरिक अस्पताल राजगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अभी की जा रही है, वहीं दो अन्य घायलों का इलाज जारी है।

जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल राहत कार्य जारी है और मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों की आधिकारिक पुष्टि परिजनों से संपर्क के बाद ही की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और प्रशासन से पीड़ित परिवारों को तुरंत मुआवजा देने की मांग की है। राज्य सरकार ने भी मामले का संज्ञान लिया है। अधिक जानकारी के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को सूचित कर दिया गया है।








