अनूप ठाकुर,
12 अगस्त / सिरमौर।
सिरमौर जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संगड़ाह-पलार मार्ग पर देर रात एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसा देर रात करीब पौने एक बजे गतलोग के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और अचानक अनियंत्रित होने के कारण बोलेरो कैंपर सीधे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा समाई। हादसे के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और मौका-ए-हादसा बेहद भयावह था।

राहत-बचाव कार्य की बात करें तो ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत ही मोर्चा संभाला। घने अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे मुश्किलों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए संगड़ाह अस्पताल पहुंचाया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल चार लोगों को बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर किया गया है। इनमें से तीन को नाहन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, जबकि एक अति-गंभीर घायल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।








