– डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी एवं गोपाल हाब्बी का भव्य सम्मान
हिमाचल समय न्यूज़,
02 जुलाई / पझौता (सिरमौर)।
पझौता क्षेत्र के सुप्रसिद्ध लोक कलाकार चेतराम हाब्बी एवं ग्राम पंचायत कोटला बांगी के उपप्रधान महेन्द्र हाब्बी ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि पझौता घाटी के द्राबला गांव में कला सम्मानोत्सव का आयोजन किया गया। इस समारोह में द्राबला, जालग, पाट्टी, शल्हेच, धनियासैर, नरोट, लगालग, डाडू टीर सहित कई गांवों के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी बीर सिंह अत्री तथा हाब्बी बिरादरी के मुखिया पदम सिंह हाब्बी ने की।

गौरतलब है कि जोगेंद्र हाब्बी ने गत वर्षो में कई उपलब्धियां हासिल की है तथा हाल ही में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की संगीत नाटक अकादेमी द्वारा डॉ. जोगेन्द्र सिंह हाब्बी का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होने पर समूचे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इससे पूर्व गोपाल सिंह हाब्बी को भी संगीत नाटक अकादमी से उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार मिल चुका है। इस उपलब्धि के लिए दोनों कलाकारों एवं उनके सहयोगी कलाकारों का फूलमालाओं, जयघोष और विधिवत् पूजा-अर्चना के साथ ग्रामवासियों ने स्वागत किया।
स्वागत भाषण में चेतराम हाब्बी और पंचायत सदस्य रीना हाब्बी ने कहा कि दोनों कलाकारों ने लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान देकर समूचे क्षेत्र और पूरे हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ हाब्बी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात महिला मंडल की सदस्यों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। युवा कलाकार एवं प्रसिद्ध उद्घोषक महेन्द्र हाब्बी ने प्रभावशाली मंच संचालन से कार्यक्रम को चार चांद लगाए।
विभिन्न गांवों के मुखियाओं एवं महिला मंडल द्राबला ने अंतर्राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कलाकार डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी तथा गोपाल हाब्बी को टोपी, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी धर्मपत्नियों और दल के कलाकारों को भी अंग वस्त्र पहनकर सम्मानित किया। इस मौके पर रामलाल वर्मा एवं साथी कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया तथा अंत में ग्राम वासियों की ओर से सभी के लिए प्रीतिभोज का आयोजन किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. हाब्बी ने ग्रामवासियों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों एवं युवक मंडलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ग्राम वासियों द्वारा दिया गया यह सामूहिक सम्मान उनके लिए किसी भी राष्ट्रीय या अंतर्राष्ट्रीय सम्मान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को भी सुदृढ़ करते हैं।
इस अवसर पर पंचायत सदस्य सुधीर हाब्बी तथा गांव के गणमान्य गोविन्द हाब्बी, रामस्वरूप अत्री, मायाराम शर्मा, गोविन्दअत्री, अनिलअत्री, पूर्व प्रधान व बीडीसी सदस्य तुलसीराम हाब्बी, पूर्व प्रधान नीलम, जयसिंह, संजीव, राजेन्द्र, रणजीत सहित सैंकड़ों ग्रामवासी उपस्थित रहे।








