– नदी-नालों से रहें दूर, खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें
हिमाचल समय न्यूज़,
01 जुलाई / कांगड़ा।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा ने मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनज़र जिलेवासियों और पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 1, 2 और 4 जुलाई को जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है, जबकि 3 और 5 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान गरज-चमक, मूसलाधार बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों, खड्डों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पर्यटकों को ट्रैकिंग और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर नहीं जाने तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि मानसून के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए इनके आसपास जाने से बचना ही सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन मौसम विभाग की प्रत्येक चेतावनी पर लगातार नजर बनाए हुए है। आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर एडवाइजरी जारी की जाएगी और पंचायत प्रतिनिधियों व स्थानीय निकायों के माध्यम से लोगों तक सूचना पहुंचाई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की जान-माल की हानि को रोका जा सके।

किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपदा प्रबंधन केंद्र (डीडीएमए) कांगड़ा के टोल-फ्री नंबर 1077 या मोबाइल नंबर 7650991077 पर संपर्क कर सकते हैं।






