भूपेंद्र ठाकुर,
01 जुलाई / शिमला।
नशा तस्करी के विरुद्ध शिमला पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस थाना ठियोग ने चिट्टा बरामदगी के एक मामले में नशे की सप्लाई चेन को सफलतापूर्वक डिस्मेंटल किया है।

दिनांक 21.06.2026 को पुलिस थाना ठियोग की टीम फागू क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर एक संदिग्ध वाहन की तलाशी के दौरान लगभग 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
वाहन चालक की पहचान साहिल वर्मा पुत्र श्री महेन्द्र वर्मा, निवासी गांव पजैला, डाकघर फागू, तहसील ठियोग, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, आयु 22 वर्ष के रूप में हुई। आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर उसका पुलिस रिमांड हासिल किया गया तथा जांच को आगे बढ़ाया गया।

मामले की गहन विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी जांच , व्हाट्सएप एनालिसिस, मोबाइल एनालिसिस से प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों का विस्तृत विश्लेषण किया गया। जांच में यह सामने आया कि इस चिट्टे की खेप को आरोपी मोहाली निवासी चिट्ठा सप्लायर शिव चरण महतो से लेकर आया था।
इसके उपरांत एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 29.06.2026 की मध्यरात्रि को मोहाली (पंजाब) में दबिश देकर मुख्य सरगना शिव चरण महतो पुत्र श्री साधु महतो, निवासी जगतपुरा, एस.ए.एस. नगर, मोहाली पंजाब को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि सप्लायर शिव चरण महतो ऊपरी शिमला क्षेत्र में लगभग 50 व्यक्तियों को नियमित रूप से हेरोइन की आपूर्ति करता था।
आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर उसका दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। मामले में हर पहलू पर जांच जारी है।

शिमला पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध ‘Zero Tolerance’ की नीति के तहत कार्य कर रही है। पुलिस का उद्देश्य केवल नशे की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक मामले में पूरे सप्लाई नेटवर्क को चिन्हित कर उसके प्रत्येक सदस्य के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।








