भूपेंद्र ठाकुर,
24 मई / शिमला।
दिल्ली से शिमला आ रही एक एचआरटीसी वोल्वो बस को कच्चीघाटी के पास ओवरटेक करना महंगा पड़ गया। ओवरटेक किए जाने से नाराज एक स्कॉर्पियो में सवार कुछ लोगों ने बस रुकवाई और चालक के साथ मारपीट की। शिमला पुलिस ने मामले में तत्परता दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को मिली सूचना के बाद तत्काल कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वोल्वो बस (एचआरटीसी की) कच्चीघाटी क्षेत्र के पास पहुंची तभी उसने एक एचआर (हरियाणा) नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी को ओवरटेक कर दिया। इस बात से नाराज स्कॉर्पियो सवारों ने बस को रुकवाकर बस चालक के साथ अभद्रता और मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही थाना बालूगंज से शिमला पुलिस की एक टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई और त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल दो आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपी हरियाणा के पंचकूला के रहने वाले
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान निम्नानुसार हुई है:
- पंकज (उम्र 33 वर्ष) पुत्र शिव कुमार, निवासी पंचकूला (हरियाणा)
- विकास कुमार (उम्र 22 वर्ष) पुत्र विलक्षण राम, निवासी पंचकूला (हरियाणा)
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, और उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
जारी है जांच और फरार अन्य की तलाश
शिमला पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है। घटना में शामिल अन्य व्यक्तियों एवं तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था भंग करने और सार्वजनिक सेवा से जुड़े कर्मियों के साथ हिंसात्मक व्यवहार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल बस चालक का मेडिकल करवाकर आगे की जांच अधिकारियों द्वारा की जा रही है।









