भावना ठाकुर,
24 मई, कंडाघाट (सोलन)।
हिमाचल प्रदेश के कंडाघाट में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई। स्कूटी सड़क के बीच लगे डिवाइडर से टकरा गई, जिससे चालक उछलकर सामने से आ रहे दूसरे वाहन के आगे आ गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रमेश (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो कंडाघाट बाजार में एक ढाबे पर काम करता था। घटना उस समय हुई जब रमेश अपनी स्कूटी से कंडाघाट से सोलन की तरफ जा रहा था। रास्ते में अचानक उसकी स्कूटी सड़क के बीच स्थित डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक उछलकर दूसरी तरफ जा गिरा, जहां उस समय सोलन से शिमला जा रहा एक अन्य वाहन आ रहा था। युवक उसी वाहन के आगे आ गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने आते ही उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सोलन अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।








