भावना ठाकुर,
12 जून / सोलन।
जिला सोलन की एसआईयू (विशेष जांच इकाई) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर जिला संगरूर (पंजाब) से आरोपी बलजीत सिंह को गिरफ्तार किया है।

28 मार्च 2026 को जिला सोलन की SIU टीम को गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर टीम ने शमलेच के समीप एक हरियाणा रोडवेज की बस को रोककर चेक किया। जांच के दौरान बस की सीट नंबर 40 पर बैठे एक युवक के पास से 5.48 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी की पहचान अनिश कुमार पुत्र श्री गुलाब सिंह, निवासी गाँव दलगांव, डाकखाना कुटाडा, तहसील रोहडू, जिला शिमला (हि.प्र.) के रूप में हुई। 34 वर्षीय अनिश को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में NDPS अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में खुलासा:
गिरफ्तार आरोपी अनिश से पुलिस ने गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान अनिश ने खुलासा किया कि बरामद हेरोइन उसने जिला संगरूर (पंजाब) के लोंगोवाल क्षेत्र निवासी बलजीत नामक व्यक्ति से खरीदी थी।
तकनीकी जांच और सप्लायर तक पहुंची पुलिस:
पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपी की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन पड़ताल की। विश्लेषण में पता चला कि अनिश और संदिग्ध बलजीत के बीच लगातार मोबाइल संपर्क था और बैंकिंग माध्यमों से वित्तीय लेन-देन भी हुआ था।

मुख्य सप्लायर गिरफ्तार:
इन साक्ष्यों और विश्लेषण के आधार पर सदर सोलन पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 10 जून 2026 को मुख्य सप्लायर बलजीत सिंह (पुत्र श्री धर्मपाल, आयु 46 वर्ष) को उसके निवास स्थान रंधावा पट्टी, गाँव एवं डाकघर लोंगोवाल, जिला संगरूर (पंजाब) से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार सप्लायर बलजीत सिंह को 11 जून 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार, सोलन भेज दिया गया है।
आगे की जांच जारी:
पुलिस अब आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड, मादक पदार्थों के तस्करी नेटवर्क, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किन-किन क्षेत्रों में ड्रग्स की सप्लाई करता था। मामले में आगामी जांच जारी है।








