Home चुनाव साढ़े तीन साल में हिमाचल को गर्त में ले गई सुक्खू सरकार,...

साढ़े तीन साल में हिमाचल को गर्त में ले गई सुक्खू सरकार, झूठी गारंटियों और टैक्स के बोझ से जनता त्रस्त : जयराम ठाकुर

8
0

300 यूनिट फ्री बिजली की गारंटी देकर छीनी पूर्व सरकार द्वारा दी जा रही बिजली

हिमाचल समय न्यूज़,

23 मई / मंडी।

Jeevan Ayurveda Clinic

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी से जारी प्रेस बयान में वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल की तीखी आलोचना करते हुए कहा है कि झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई कांग्रेस सरकार के पास अपनी एक भी उपलब्धि बताने के लिए कुछ नहीं है और समाज का हर वर्ग व्यवस्था परिवर्तन का खोखला नारा देने वाली इस सरकार की जनविरोधी नीतियों तथा गलत फैसलों से पूरी तरह त्रस्त हो चुका है। सत्ता में आने के पहले 300 यूनिट फ्री बिजली की गारंटी देने वाली कांग्रेस के मुखिया सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने पूर्वा सरकार द्वारा दी जा रही फ्री बिजली छीन ली है। उन्होंने कहा कि आज पूरा प्रदेश सुक्खू सरकार से यह सवाल पूछ रहा है कि आखिर साढ़े तीन साल में उसने विकास का कौन सा कार्य किया है, क्योंकि धरातल पर समूचे हिमाचल प्रदेश में विकास के कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं और यह सरकार जनता पर भारी-भरकम टैक्स का बोझ लादने के अलावा अपनी हर मोर्चे पर नाकामी को छिपाने में पूरी तरह असफल साबित हुई है।

जयराम ठाकुर ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार की जनहितैषी योजनाओं के पैसे का दुरुपयोग करके उसे राज्य सरकार अपनी फ्लैगशिप योजनाओं के झूठे प्रचार-प्रसार में पानी की तरह बहा रही है, जबकि प्रदेश की जनता आज अपने हक के लिए सड़कों पर है। कांग्रेस ने चुनाव से पहले प्रदेश की जनता को जो बड़ी-बड़ी गारंटियां दी थीं, आज हिमाचल की जनता उन गारंटियों का हिसाब मांग रही है, जिससे बचने के लिए मुख्यमंत्री और उनके मंत्री जनता के बीच आने से लगातार कतरा रहे हैं।

उन्होंने पूछा कि आखिर क्यों वादे के मुताबिक 18 साल से अधिक आयु की महिलाओं को आज तक 1500 रुपये प्रतिमाह नहीं दिए जा रहे हैं और युवाओं को पांच लाख रोजगार देने की बड़ी गारंटी देने के बावजूद ये सरकार साढ़े तीन साल के लंबे कार्यकाल में पच्चीस हजार लोगों को भी रोजगार देने में नाकाम रही है, जिससे प्रदेश का युवा वर्ग ठगा सा महसूस कर रहा है। बिजली और पानी के मोर्चे पर सरकार को घेरते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले जनता को तीन सौ यूनिट मुफ्त बिजली देने का झांसा दिया था, लेकिन मुफ्त देना तो दूर, पूर्व की भाजपा सरकार द्वारा गरीब जनता को दी गई 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा को भी इस निर्दयी सरकार ने छीन लिया है। यही नहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में भी पानी के भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं, जिसके कारण गांवों में रहने वाले गरीब परिवारों का जीना दूभर हो गया है। सुक्खू सरकार ने प्रदेश के अन्नदाताओं, किसानों और बागवानों को भी पूरी तरह ठगने का काम किया है। दूध उत्पादकों से दूध की सरकारी खरीद नहीं की जा रही है और मुख्यमंत्री झूठे दावे कर रहे हैं कि हमने दूध के दाम बढ़ाकर किसानों की आमदनी बढ़ा दी है, जबकि कड़वी हकीकत यह है कि सरकारी खरीद न होने के कारण परेशान होकर किसानों को अपना दूध खुले में सड़कों पर फेंकना पड़ रहा है।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस की जीत के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि अपनी तय हार को देखते हुए कांग्रेस ने बिना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए यह चुनाव लड़ा और अब मुख्यमंत्री अपनी खीझ मिटाने के लिए जीत के झूठे आंकड़े पेश कर रहे हैं, जबकि असलियत यह है कि इन चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है जिसके लिए भाजपा प्रदेश की जागरूक जनता का आभार व्यक्त करती है। उन्होंने साफ कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस के इन साढ़े तीन सालों के कुशासन, बढ़ते भ्रष्टाचार, विकास शून्यता और धोखेबाजी को अच्छी तरह समझ चुकी है और जनता में इस सरकार के खिलाफ जो भारी आक्रोश है, उसे वे चुनावों में वोट की चोट के माध्यम से निकालकर भाजपा के पक्ष में एकतरफा मतदान कर रहे हैं, जिसका करारा जवाब इस जनविरोधी सरकार को जल्द ही मिल जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here