Home कल्चर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने ऊर्जा संरक्षण पर आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता...

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने ऊर्जा संरक्षण पर आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित

4
0

भूपेंद्र ठाकुर,

20 नवंबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

हिमाचल प्रदेश के माननीय राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को एसजेवीएन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। यह प्रतियोगिता विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान–2026 के अंतर्गत एसजेवीएन के कारपोरेट मुख्यालय, शिमला में आयोजित की गई। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी के बीच ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम में अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक), राजेश कुमार चंदेल, निदेशक (परियोजनाएं) तथा एसजेवीएन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यपाल का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों की पुरस्कार विजेता पेंटिंग्स की कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने युवा कलाकारों द्वारा पेंटिंग के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण के महत्व को कलात्मक रूप से प्रस्तुत करने की कला की प्रशंसा की। साथ ही उन्होंने ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सतत प्रथाओं को प्रोत्साहित करने में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा नोडल एजेंसी एसजेवीएन के सामूहिक प्रयासों की भी सराहना की।

राज्यपाल ने ग्रुप ‘ए’ (कक्षा V–VII) तथा ग्रुप ‘बी’ (कक्षा VIII–X) में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में क्रमशः ₹50,000, ₹30,000 एवं ₹20,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की। दोनों श्रेणियों में प्रत्येक श्रेणी को ₹7,500 प्रत्येक के 10 प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए गए। सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न तथा प्रोत्साहन स्वरूप ₹2,000 प्रत्येक की राशि भी प्रदान की गई। इस वर्ष प्रतियोगिता के विषय ‘ऊर्जा बचाएँ, भविष्य सुरक्षित बनाएँ’ तथा ‘बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ थे।

इस अवसर पर अजय कुमार शर्मा, निदेशक (कार्मिक), एसजेवीएन ने जानकारी दी कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के 5,126 विद्यालयों के कुल 2,38,548 विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लिया। एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल द्वारा ग्रुप ‘ए’ तथा ग्रुप ‘बी’ प्रत्येक से 55 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग्स का चयन किया गया, जिनके रचनाकारों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया। एसजेवीएन वर्ष 2005 से विद्युत मंत्रालय, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, राज्य सरकार, राज्य शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित हितधारकों के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रहा है।

ग्रुप ‘ए’ तथा ग्रुप ‘बी’ के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार विजेता विद्यार्थी 11 दिसंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here