भावना ठाकुर,
04मई/सोलन।
नगर निगम सोलन चुनाव से ठीक पहले भाजपा को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। वार्ड नंबर-3 से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी पीयूष गर्ग का नामांकन पत्र सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम सोलन पूनम बंसल द्वारा रद्द कर दिया गया है। नामांकन रद्द होने के बाद अब भाजपा इस वार्ड में प्रत्याशीविहीन हो गई है, क्योंकि पार्टी की ओर से कोई कवरिंग उम्मीदवार भी मैदान में नहीं उतारा गया था।
जानकारी के अनुसार पीयूष गर्ग के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जिसमें उन पर सरकारी संपत्ति पर कथित तौर पर अनाधिकृत निर्माण करने के आरोप लगाए गए थे। शिकायत की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारी ने उनका नामांकन निरस्त कर दिया।
नामांकन रद्द होने के बाद वार्ड नंबर-3 में अब सीधा मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी सरदार सिंह ठाकुर और निर्दलीय उम्मीदवार गौरव राजपूत के बीच माना जा रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस फैसले के बाद हलचल तेज हो गई है और भाजपा को चुनावी रणनीति के लिहाज से बड़ा नुकसान माना जा रहा है।
वहीं, नगर निगम चुनाव में अन्य प्रत्याशियों के नामांकन भी रद्द किए गए हैं। वार्ड नंबर-8 से निर्दलीय प्रत्याशी ललित कौंडल का नामांकन अधूरा पाए जाने के कारण खारिज कर दिया गया। इसके अलावा वार्ड नंबर-10 से निर्दलीय उम्मीदवार विवेक डोभाल का नामांकन भी रद्द हुआ है। बताया जा रहा है कि विवेक डोभाल नगर निगम के ठेकेदार हैं और उन्होंने ऑनलाइन टेंडर से जुड़े कार्य पूर्ण नहीं किए थे, जिसके चलते उनका नामांकन अमान्य घोषित किया गया।
नगर निगम चुनाव में लगातार हो रहे नामांकन रद्द होने के मामलों ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। खासतौर पर भाजपा प्रत्याशी का नामांकन खारिज होने से विपक्ष को बड़ा राजनीतिक मुद्दा मिल गया है।









