भूपेंद्र ठाकुर,
04 मई/शिमला।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार को अफरातफरी का माहौल तब पैदा हो गया, जब शहर के कई प्रतिष्ठित स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन हरकत में आ गया और तुरंत अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को घर ले जाने को कहा।
धमकी मिलने के कुछ ही देर में अभिभावकों में घबराहट फैल गई और वे बच्चों को लेने के लिए आनन-फानन स्कूल पहुंचने लगे। इस दौरान कई स्कूलों के बाहर भीड़ जमा हो गई।
खबर मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एसपी शिमला गौरव ने बताया कि यह एक जनरल थ्रेट (सामान्य धमकी) है, लेकिन इसे हल्के में नहीं लिया जा रहा है। पुलिस जांच में जुट गई है और स्कूलों में तलाशी अभियान (ड्रिल) चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या बम जैसी कोई चीज नहीं मिली है। बावजूद इसके, पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर दिए हैं और आसपास के क्षेत्रों में चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है। मामले की जांच जारी है।









