भावना ठाकुर,
04 मई/सोलन।
सोलन के बीएल स्कूल ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। विद्यालय की होनहार छात्रा प्राची मनासी ने बारहवीं कक्षा की परीक्षा में 97.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे हिमाचल प्रदेश की विज्ञान संकाय में छठा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि ने विद्यालय को प्रदेश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में मजबूती से स्थापित कर दिया है।
प्राची मनासी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास को दिया। चौथी कक्षा से इसी विद्यालय में अध्ययनरत प्राची ने बिना किसी बाहरी ट्यूशन के यह उपलब्धि हासिल की। उनका कहना है कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और हर विषय को गहराई से समझने की आदत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुँचाया। उनकी मेहनत आज हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है।
प्राची के शब्दों में:
“मैंने कभी किसी बाहरी ट्यूशन पर निर्भर नहीं रही। स्कूल के शिक्षकों ने जो मार्गदर्शन दिया, उसी पर विश्वास रखा। माता-पिता के सपनों को साकार करना मेरी प्राथमिकता रही। आगे आईआईटी की तैयारी पर फोकस करूंगी।”
विद्यालय प्रबंधन ने प्राची की प्रतिभा को देखते हुए बड़ा ऐलान किया है। स्कूल की प्रबंध निदेशक वीणा बक्शी और प्रधानाचार्य रुचिका बक्शी ने घोषणा की है कि प्राची के आईआईटी में प्रवेश के सपने को साकार करने के लिए विद्यालय प्रबंधन उनकी आईआईटी की तैयारी हेतु निशुल्क कोचिंग उपलब्ध करवाएगा। विद्यालय ने स्पष्ट किया कि प्रतिभा को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। यह पहल न केवल प्राची के लिए, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का संदेश है कि मेहनत का सम्मान और सहयोग दोनों मिलता है।
पूरे स्कूल में उत्साह और गर्व का माहौल है। विद्यालय परिवार ने प्राची को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।









