भूपेंद्र ठाकुर,
14 अप्रैल/शिमला।
जिला शिमला पुलिस नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना ठियोग पुलिस को 12 अप्रैल 2026 को एक विश्वसनीय सूचना मिली कि ठियोग के पास एक स्विफ्ट डिज़ायर वाहन सड़क किनारे खड़ा है, जिसमें एक व्यक्ति बैठा है और चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में लिप्त है।
सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 8.340 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी की पहचान कुलदीप वर्मा पुत्र नारायण सिंह, निवासी गांव नलेहा, डाकघर एवं तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना ठियोग में अभियोग संख्या 48/2026, दिनांक 12.04.2026, धारा 21 ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर 16 अप्रैल 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।









