भूपेंद्र ठाकुर,
14 अप्रैल/कुमारसैन (शिमला),
पुलिस थाना कुमारसैन में 9.28 किलोग्राम अफीम बरामदगी के प्रकरण में बैकवर्ड लिंकेज की जांच के दौरान पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गहन तकनीकी जांच और विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक अन्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर 2.039 किलोग्राम अफीम अतिरिक्त बरामद की है।
आरोपी महिला की पहचान लक्ष्मी (उम्र 46 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय जीत बहादुर, निवासी गांव शिमी, डाकघर एवं तहसील बेशीशहर, जिला लमजुंग, नेपाल के रूप में हुई है। वर्तमान में वह कंडाघाट, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) में “लक्ष्मी टी स्टॉल” का संचालन कर रही थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला इस मादक पदार्थ तस्करी के संगठित नेटवर्क की होलसेल ग्राहक थी। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों ने ही शिमला की ओर जाते समय रास्ते में उक्त महिला को अफीम की सप्लाई की थी, जिसे वह आगे अवैध रूप से वितरित करने की फिराक में थी।
पुलिस टीम ने 13 अप्रैल 2026 को कंडाघाट क्षेत्र में आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 2.039 किलोग्राम अफीम बरामद कर ली। इस मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, और कुल बरामदगी करीब 11.5 किलोग्राम अफीम की हो गई है।
आरोपी लक्ष्मी को माननीय अदालत में पेश करके पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच जारी रखे हुए है।









