भूपेंद्र ठाकुर,
14 अप्रैल/शिमला।
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क और धूप खिली हुई है, लेकिन यह सुकून ज्यादा दिन नहीं रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 16 अप्रैल तक मौसम साफ बना रहेगा, जबकि 17 अप्रैल से फिर बारिश और खराब मौसम की वापसी होगी।पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आने का पूर्वानुमान है। 19 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई गई है। खासकर 17 अप्रैल को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों में अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।सोमवार को राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहे, जबकि अन्य जिलों में धूप खिली रही। मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल की शाम से ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में मौसम बदलना शुरू हो सकता है।17-19 अप्रैल का हाल: 17 अप्रैल को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के आठ जिलों – शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति – में बारिश की संभावना है। वहीं 18 और 19 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार हैं।मैदानी जिलों में गर्मी का कहर: मैदानी जिलों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में 17 अप्रैल तक मौसम साफ रहेगा, जिससे इन जिलों के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है। हालांकि, 18 और 19 अप्रैल को बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने की संभावना है।किसानों और पर्यटकों को सलाह दी जाती है कि वे 17 अप्रैल से अपने कार्यक्रमों की योजना मौसम को ध्यान में रखकर बनाएं।









