भावना ठाकुर, सोलन
जिला पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर 11 मार्च 2026 को टीम ने सोलन बाईपास स्थित एक होटल में दबिश दी, जहां से पांच युवकों को 21.18 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, होटल के एक कमरे में ठहरे इन युवकों में चार हरियाणा राज्य के निवासी हैं, जबकि एक युवक सोलन जिले का रहने वाला है। मौके से मादक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को 12 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल कर लिया गया है। फिलहाल आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे इस मादक पदार्थ की तस्करी के किस बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं या उनका कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड तो नहीं है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चल रही इस कार्रवाई से इलाके में नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस टीम आरोपियों के तार दूसरे राज्यों से जोड़ने सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मामले में अग्रिम जांच जारी है।









