भावना ठाकुर, सोलन
13 मार्च हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। जहां एक तरफ ऊपरी पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश से ठंडक लौट आई है, वहीं मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा है। खराब मौसम के येलो अलर्ट के बीच गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी हुई, जिससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार को अटल टनल रोहतांग, केलांग और पांगी क्षेत्र में बर्फबारी हुई, वहीं भुंतर में ओलावृष्टि से मौसम सुहावना हो गया। मनाली और कांगड़ा जिले के विभिन्न हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। राजधानी शिमला सहित कई जिलों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं धूप भी खिली रही। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बिगड़ने वाला है। 14 मार्च की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते 15 से 18 मार्च तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। इस दौरान शिमला सहित अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विभाग ने अंधड़ चलने को लेकर भी येलो अलर्ट जारी किया है।वहीं दूसरी तरफ, प्रदेश के मैदानी जिलों में गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों के कई क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तापमान में अचानक बढ़ोतरी होने की संभावना है, जिससे गर्म हवाओं का दौर शुरू हो सकता है मौसम विभाग के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश में मौसम सामान्य से उलटा बना रहेगा। 20 से 26 मार्च के बीच दूसरे सप्ताह के कुछ दिनों के दौरान राज्य के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि इस अवधि के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है, जो किसानों और बागवानों के लिए राहत भरी खबर है।





