
भावना ठाकुर /सोलन।
पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना धर्मपुर क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर उसमें सवार दो युवकों के कब्जे से 19.68 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, जैसे ही एसआईयू टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, गाड़ी में सवार तीन युवकों में से एक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल हो गया। पुलिस ने तुरंत कार में सवार अन्य दो आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से मादक पदार्थ बरामद होने के बाद पुलिस ने मौके पर ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस थाना धर्मपुर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार हुए तीसरे युवक की पहचान कर उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें रेड कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज दिनांक 11 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि वे पहले भी किसी मादक पदार्थ तस्करी के मामले में शामिल रहे हैं या नहीं। मामले की आगे की जाँच जारी है।








