भावना ठाकुर,
06 नवंबर / सोलन।
दीपावली पर्व के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला सोलन पुलिस पूरी तरह सतर्क है। त्योहार के मद्देनजर जिले के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की गई है, ताकि लोग दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मना सकें। इस संबंध में जिला सोलन के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त, आवश्यकतानुसार नाकाबंदी एवं संदिग्ध व्यक्तियों तथा गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही, बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहार के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। वाहन चालकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। अनधिकृत पार्किंग से बचें और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। जिला सोलन पुलिस सभी पटाखा विक्रेताओं को निर्देशित करती है कि वे जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं अधिकृत स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री करें तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की आगजनी अथवा अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिला सोलन पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे त्योहार के दौरान सतर्कता बरतें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। आपकी सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। आइए, पुलिस का सहयोग करें और दीपावली का पर्व सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाएं।








