Home अध्यात्म दीपावली के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री सुक्खू की ओर से श्रमिकों को बड़ी...

दीपावली के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री सुक्खू की ओर से श्रमिकों को बड़ी सौगात

5
0

– प्रदेश के 1,444 लाभार्थियों को 6 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान

हिमाचल समय न्यूज़,

06 नवंबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दिशा-निर्देश पर श्रमिकों के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दीपावली के उपलक्ष्य पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड द्वारा प्रदेश के 11 ज़िलों के 1,444 लाभार्थियों को लगभग 6 करोड़ 11 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। आज मुख्यमंत्री आवास ओक ओवर, शिमला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान तथा मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर की उपस्थिति में लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए।


उद्योग एवं श्रम मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के माध्यम से संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य श्रमिक परिवारों को शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह, आवास तथा अन्य आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने कहा कि बोर्ड पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों के हित में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रहा है। उन्होंने पात्र श्रमिकों से बोर्ड की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की मुख्यधारा में श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग मिलता रहे।
विवाह सहायता योजना के अंतर्गत 1,70,87,000 रुपये, शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 3,14,67,700 रुपये, चिकित्सा सहायता योजना के अंतर्गत 54,610 रुपये तथा मृत्यु एवं अंतिम संस्कार सहायता योजना के अंतर्गत 32,80,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अन्य योजनाओं के तहत 5,10,000 रुपये की सहायता भी दी गई। इन योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत सहायता राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई।
मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत गृह निर्माण के लिए 67 पात्र श्रमिकों को कुल 86,58,000 रुपये की सहायता के चेक वितरित किए गए।
ज़िला हमीरपुर में 148 लाभार्थियों को 64,94,610 रुपये, चंबा में 50 लाभार्थियों को 14,12,600 रुपये तथा सिरमौर में 29 लाभार्थियों को 15,38,200 रुपये की सहायता प्रदान की गई। जिला मंडी में सर्वाधिक 440 लाभार्थियों को 1,61,18,200 रुपये, किन्नौर में 168 लाभार्थियों को 64,92,200 रुपये तथा कांगड़ा में 63 लाभार्थियों को 31,00,200 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
इसी प्रकार ज़िला शिमला में 183 लाभार्थियों को 72,97,200 रुपये, ज़िला बिलासपुर में 173 लाभार्थियों को 65,53,800 रुपये तथा ऊना में 142 लाभार्थियों को 1,05,09,700 रुपये की सहायता प्रदान की गई। सोलन ज़िला में 10 लाभार्थियों को 5,95,000 रुपये तथा कुल्लू ज़िला में 38 लाभार्थियों को 9,45,600 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
.0.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here