भावना ठाकुर,
02 नवंबर / कसौली (सोलन)।
कसौली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सनवारा (शिमला हिल्स), स्कूल में 30 अक्टूबर से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित पाँच दिवसीय सीबीएसई नेशनल बॉयज़ वॉलीबॉल चैंपियनशिप के चौथे दिन बारह टीमों ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में 60 भारतीय और 10 विदेशी टीमें भाग ले रही हैं।

आज खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में अंडर-19 वर्ग में डी. एन. चोपटा स्कूल ने लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि विद्या वर्ल्ड स्कूल ने राहुल इंटरनेशनल स्कूल को पराजित किया। फैलोशिप मिशन स्कूल, जयपुर ने एनी बेसेंट स्कूल को शिकस्त दी और डॉ. ए. आई. मेमोरियल स्कूल, वाराणसी ने वेलामल विद्यालय को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-17 वर्ग में सेंट स्टीफंस स्कूल, झारखंड ने एम. आर. सिटी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल को पराजित किया। संजीवनी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, राजस्थान ने वेलामल विद्यालय को हराया। लक्ष्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली ने एम. एच. पब्लिक स्कूल को शिकस्त देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि शाह सतनाम सिरसा स्कूल ने श्री विद्या निकेतन इंटरनेशनल स्कूल, तिरुपति को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
अंडर-14 वर्ग में कदम पब्लिक स्कूल ने संजीवनी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, राजस्थान को हराया और वेलामल विद्यालय ने चाँदनी पब्लिक स्कूल, उत्तर प्रदेश को पराजित किया। डी. एन. चोपटा स्कूल ने राष्ट्रोत्थान विद्या केंद्र, कर्नाटक को शिकस्त दी, जबकि हील स्कूल, इलुरु ने एच. डी. पब्लिक स्कूल को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की।
अब तक खेले गए सभी मुकाबले सीबीएसई के सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक पुष्कर वोहरा तथा तकनीकी प्रतिनिधि अभिषेक उपाध्याय की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुए। विद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) डॉ. संजीव मैनरा ने कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएँ खिलाड़ियों और दर्शकों, दोनों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इनसे न केवल मनोरंजन होता है, बल्कि शारीरिक व्यायाम, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक हीरा ठाकुर ने कहा कि देवभूमि हिमाचल के सुंदर और प्रदूषण रहित वातावरण में इन मैचों का आयोजन होने से खिलाड़ियों का उत्साह और जोश देखते ही बनता है। विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम ठाकुर ने सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में प्रवेश करने वाली टीमों को शुभकामनाएँ दीं तथा प्रतियोगिता से बाहर हुई टीमों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले, फाइनल मैच तथा समापन समारोह 3 नवंबर 2026 को आयोजित किए जाएंगे।






