भूपेंद्र ठाकुर,
19 सितंबर / शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से आज यहां उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश के मधुमक्खी पालकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की।
उन्होंने मुख्यमंत्री को मधुमक्खी पालन में आ रही विभिन्न समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में छोटे छत्ते वाले भृंग, एथिना टुमिडा मरे का तेजी से प्रसार हो रहा है, जिसके कारण विशेषकर निचले हिमाचल के मधुमक्खी पालकों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मधुमक्खी पालन हिमाचल प्रदेश में एक महत्वपूर्ण कृषि एवं आजीविका गतिविधि है। यह विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के लिए अतिरिक्त आय तथा स्वरोजगार का महत्वपूर्ण साधन है। इसके साथ ही मधुमक्खियां परागण में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। प्रदेश सरकार मधुमक्खी पालन को प्रोत्साहित करने के लिए निरन्तर प्रयासरत है। प्रदेश में मधुमक्खी पालकों के लिए मुख्यमंत्री मधु विकास योजना कार्यान्वित की जा रही है।
उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार इस समस्या का वैज्ञानिक तरीके से समाधान सुनिशचित करेंगे।








