भूपेंद्र ठाकुर,
14 सितंबर / शिमला।
राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने युवाओं का आह्वान किया कि वे समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने तथा मानव सेवा की भावना को मजबूत करने में अग्रणी भूमिका निभाएं। राज्यपाल रविवार को हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचपीएनएलयू), शिमला में आयोजित ‘स्वास्थ्य मंथन-2026’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
एचपीएनएलयू की एनसीसी इकाई ने राज्य एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी, हिमाचल प्रदेश के संयुक्त तत्वाधान में स्वस्थ कल के लिए युवा नेतृत्व का सशक्तिकरण विषय पर इस मंथन कार्यक्रम का आयोजन किया था।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं और सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए राज्यपाल ने कहा कि कार्यक्रम की विषयवस्तु ‘स्वस्थ कल के लिए युवा नेतृत्व का सशक्तिकरण’ वर्तमान में अत्यंत प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि युवा न केवल देश का भविष्य हैं, बल्कि आज की सबसे बड़ी ताकत भी युवाओं में ही निहित है।








