भूपेंद्र ठाकुर,
14 अगस्त / झाकड़ी (शिमला)।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस थाना झाकड़ी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर झाकड़ी बाजार स्थित एक किराए के कमरे में छापा मारकर 8.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो स्थानीय युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झाकड़ी बाजार में एक किराए के कमरे से मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संदिग्ध कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे से 8.5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना झाकड़ी में अभियोग संख्या 62/2026, दिनांक 13.08.2026 पंजीकृत किया गया है। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (हेरोइन/चिट्टा से संबंधित अपराध) और 29 (सांठगांठ/साजिश) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
- धीरज शर्मा (पुत्र स्वर्गीय अजय शर्मा), निवासी झाकड़ी, तहसील रामपुर, जिला शिमला (आयु 30 वर्ष)
- आशीष (पुत्र स्वर्गीय करम सिंह), निवासी तकलेच, जिला शिमला (आयु 39 वर्ष)
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें यह मादक पदार्थ कहां से प्राप्त हुआ और क्या इस इलाके में उनका कोई अन्य साथी या नेटवर्क तो नहीं है। झाकड़ी पुलिस ने क्षेत्र में नशे के खिलाफ इस अभियान को और तेज करने का आश्वासन दिया है।








