भूपेंद्र ठाकुर,
14 अगस्त / ठियोग (शिमला)।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना ठियोग की टीम ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार की तलाशी लेकर 20 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 135 ग्राम अफीम बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक कार में भारी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी की जा रही है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बाईपास रोड ठियोग, ठियोग कैफे के पास एक संदिग्ध कार को रोका। तलाशी के दौरान कार की डिक्की के ऊपर रखे हैंड रेस्ट के अंदर से दो पारदर्शी प्लास्टिक लिफाफे बरामद हुए। पहले लिफाफे में 20 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और दूसरे में 135 ग्राम अफीम होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थों को नियमानुसार कब्जे में लेते हुए कार को भी जब्त कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 111/2026, दिनांक 13.08.2026 पंजीकृत किया गया है। मामला एनडीपीएस एक्ट की धारा 18, 21 और 29 के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान इस प्रकार है:
· चरणजीत सिंह (पुत्र स्वर्गीय जितेंद्र सिंह), निवासी लुधियाना (आयु 20 वर्ष)
· विक्रम सिंह (पुत्र राजविंदर सिंह), निवासी लुधियाना (आयु 22 वर्ष)
· जसकरण सिंह (पुत्र स्वर्गीय जितेंद्र सिंह), निवासी लुधियाना (आयु 21 वर्ष)
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के अन्य सहयोगियों और मादक पदार्थों की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी हुई है।








