Home ट्रेंडिंग 1 और 2 दिसंबर को मजदूर करेंगे दिल्ली घेराव, सोलन से सैकड़ों...

1 और 2 दिसंबर को मजदूर करेंगे दिल्ली घेराव, सोलन से सैकड़ों मजदूर लेंगे भाग

3
0

– मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन ने किया धरना-प्रदर्शन, 12 महीने का मानदेय देने की मांग

भावना ठाकुर,

30 अक्टूबर / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

हिमाचल प्रदेश मिड-डे मील वर्कर हेल्पर यूनियन (संबंधित सीटू) ने आज चिल्ड्रन पार्क, सोलन में अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से मिड-डे मील वर्कर्स के 10 महीने के मानदेय को 12 महीनों में बांटने संबंधी विभागीय निर्णय का विरोध किया गया तथा पूरे 12 महीनों का मानदेय देने की मांग उठाई गई।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू के जिला महासचिव मोहित वर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा मिड-डे मील वर्कर्स के 10 महीने के मानदेय को 12 महीनों में बांटने का निर्णय वर्कर्स के हित में नहीं है। सरकार को इस निर्णय को वापस लेना चाहिए और वर्कर्स को पूरे 12 महीनों का मानदेय सुनिश्चित करना चाहिए।

मिड-डे मील वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा और न्यूनतम वेतन दिया जाए

मोहित वर्मा ने कहा कि मिड-डे मील वर्कर्स सरकारी स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है। यूनियन की मांग है कि मिड-डे मील वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए, न्यूनतम वेतन सुनिश्चित किया जाए तथा हर महीने मानदेय का भुगतान समय पर किया जाए।

उन्होंने यह भी मांग की कि प्रत्येक स्कूल में न्यूनतम दो मिड-डे मील वर्कर्स नियुक्त की जाएं तथा 25 बच्चों तक केवल एक वर्कर रखने की शर्त को समाप्त किया जाए।

प्रदर्शन के बाद संयुक्त निदेशक के माध्यम से निदेशक शिक्षा को सौंपा ज्ञापन

धरना-प्रदर्शन के बाद यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने उप निदेशक के माध्यम से निदेशक, शिक्षा विभाग, हिमाचल प्रदेश को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 10 महीने के मानदेय को 12 महीनों में बांटने के निर्णय का विरोध करते हुए पूरे 12 महीने का मानदेय देने, सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्रदान करने, न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने, हर महीने समय पर मानदेय देने तथा प्रत्येक स्कूल में न्यूनतम दो वर्कर्स की नियुक्ति करने की मांग उठाई गई।

1 और 2 दिसंबर को मजदूर करेंगे दिल्ली घेराव, सोलन से सैकड़ों मजदूर लेंगे भाग

मोहित वर्मा ने कहा कि 1 और 2 दिसंबर को देशभर के मजदूर अपनी मांगों को लेकर दिल्ली में विशाल प्रदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम में सोलन जिला से सैकड़ों मजदूर भाग लेंगे। मजदूर विरोधी चारों लेबर कोड रद्द करने, श्रम कानूनों को बहाल करने तथा मजदूरों को सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की मांग को लेकर संघर्ष तेज किया जाएगा।

उन्होंने मिड-डे मील वर्कर्स सहित सभी मजदूरों से इस आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

यूनियन पदाधिकारियों ने लिया धरना-प्रदर्शन में भाग

धरना-प्रदर्शन में सीटू जिला महासचिव मोहित वर्मा, मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन की राज्य कोषाध्यक्ष सपना, यूनियन की अध्यक्ष किरण, सोलन जिला कोषाध्यक्ष रीता सहित अन्य पदाधिकारियों और मिड-डे मील वर्कर्स ने भाग लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here