भावना ठाकुर,
11 अगस्त / सोलन।
NH 205 शिमला-धर्मशाला राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर भराड़ीघाट के दसेरन में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पहाड़ी से अचानक एक भारी चट्टान (बरखम) टूटकर एक चलती कार पर जा गिरी, जिससे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। चट्टान गिरने से कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे घायलों को बाहर निकालने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा। इस दौरान मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। घटना में शामिल कार का नंबर HP52A-7197 है। फिलहाल, मृतक और घायलों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








