भूपेंद्र ठाकुर,
06 सितंबर / शिमला।
शिमला पुलिस के नशा विरोधी अभियान के तहत संजौली थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो व्यक्तियों के कब्जे से करीब 24 ग्राम चिट्टा/हेरोइन तथा लगभग 7 ग्राम एमडीएम (नशीली दवा) बरामद की है। यह कार्रवाई 4 सितंबर 2026 की शाम को की गई।

संजौली थाने की टीम उस समय लक्ष्मी नारायण मंदिर, संजौली के पास गश्त और नशीले पदार्थों से संबंधित सूचना संग्रह कर रही थी, तभी विश्वसनीय सूत्र से सूचना मिली कि दो व्यक्ति बतीश कॉलोनी के पास चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थ बेचने की नीयत से घूम रहे हैं। सूचना के तुरंत बाद पुलिस टीम ने बतीश कॉलोनी पहुँचकर संदिग्धों को घेर लिया।
आरोपियों के बैगों की तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 24 ग्राम हेरोइन और 7 ग्राम एमडीएम बरामद किया। आरोपियों की पहचान बलदेव सिंह (45) पुत्र लाभ सिंह, निवासी मकान नंबर 3037/2, सेक्टर 41-डी, बढ़ेड़ी, चंडीगढ़, और साहिल (23) पुत्र संतोष कुमार, निवासी गांव देवग, डाकघर देवला, तहसील सुन्नी, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहन जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ कहाँ से खरीदा गया, किसे आपूर्ति की जानी थी और इस गिरोह के अन्य सदस्य कौन हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं और इस मामले में भी सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस दिशा में कड़ी से कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।








