भूपेंद्र ठाकुर,
08 अगस्त / शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना रोहड़ू द्वारा एक अंतर-राज्यीय चिट्टा (हेरोइन) सप्लाई नेटवर्क का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ किया गया है।
पुलिस थाना रोहड़ू में दर्ज अभियोग संख्या 31/2026 के तहत प्रारम्भिक कार्रवाई के दौरान पिंकू राम एवं सुनील पुहारता, निवासी रोहड़ू, को 53 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) सहित गिरफ्तार किया गया था।

मामले की गहन जांच, डिजिटल साक्ष्यों, बैंक खातों के विश्लेषण तथा Backward Linkage की पड़ताल के आधार पर सलमान हैदर निवासी बिजनौर (उत्तर प्रदेश) तथा थॉमस मसीह (29 वर्ष), निवासी काला अफगाना, जिला गुरदासपुर (पंजाब) को इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के रूप में गिरफ्तार किया गया।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस थाना रोहड़ू ने Forward Linkage के आधार पर मनोज ठाकुर उर्फ सन्नी (33 वर्ष), निवासी गांव करालश, डाकघर कांसाकोटी, तहसील एवं थाना रोहड़ू, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, को भी गिरफ्तार किया है।
इस मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अन्वेषण के दौरान यह स्थापित हुआ कि आरोपीगण रोहड़ू क्षेत्र में सक्रिय एक अंतर-राज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हुए थे। शिमला पुलिस की सतत एवं वैज्ञानिक जांच, तकनीकी विश्लेषण तथा Backward एवं Forward Linkages पर केंद्रित कार्रवाई के परिणामस्वरूप इस अंतर-राज्यीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क को सफलतापूर्वक ध्वस्त किया गया है।








