भूपेंद्र ठाकुर,
06 अगस्त / शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज अपने आधिकारिक निवास ‘ओक ओवर’ परिसर में पौधारोपण कर नगर निगम शिमला के ‘ग्रीन शिमला, अवर शिमला’ अभियान के तहत सप्ताह भर चलने वाले पौधरोपण सप्ताह की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “यदि प्रत्येक व्यक्ति हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे, तो यह पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज के लिए भी एक महत्वपूर्ण योगदान होगा।”

इस अवसर पर उन्होंने नगर निगम शिमला के पार्षदों को बान और देवदार के पौधे भी वितरित किए। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष नगर निगम ने अभियान के तहत 5,000 से 10,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। यह इस पहल का तीसरा वर्ष है। पिछले वर्ष चमियाना पहाड़ी क्षेत्र को गोद लेकर लगभग 3,000 पौधे लगाए गए थे, जिनकी जीवित रहने की दर अत्यंत उत्साहजनक रही है। इस वर्ष भी इसी क्षेत्र में 3,000 अतिरिक्त पौधे लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस सप्ताह भर चलने वाले अभियान के दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री भी विभिन्न पौधरोपण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और जनभागीदारी को बढ़ावा देंगे।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, महापौर सुरेंद्र चौहान, पार्षद तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।




