भूपेंद्र ठाकुर,
03 अगस्त / शिमला।
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना ढली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 8 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम गश्त एवं नशा तस्करी की रोकथाम के उद्देश्य से क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि साहिब सिंह उर्फ सन्नी सरदार तथा दीपक वर्मा अपने ठिकाने पर हेरोइन रखकर स्थानीय युवाओं को इसकी आपूर्ति कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में संबंधित स्थान पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान कमरे से लगभग 08 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों के नाम:
- दीपक वर्मा पुत्र श्री हरदेव वर्मा, निवासी ठियोग, जिला शिमला
- साहिब सिंह उर्फ सन्नी सरदार पुत्र स्वर्गीय श्री गुरनाम सिंह, निवासी संजौली, शिमला
इस संबंध में पुलिस थाना ढली में अभियोग संख्या 69/2026, दिनांक 03.08.2026, अधीन धारा 21 एवं 29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस मामले में गहन अन्वेषण कर रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन की सप्लाई कहां से की गई थी और इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ तो नहीं है। शिमला पुलिस का नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।








