भूपेंद्र ठाकुर,
03 अगस्त / शिमला।
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने एक अनोखी तरीके से की जा रही तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने शोघी बैरियर पर नाकाबंदी कर दो युवकों को 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपियों ने नशीला पदार्थ मोटरसाइकिल पर पहने जाने वाले हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग में सावधानीपूर्वक छिपा रखा था।
पुलिस अधीक्षक (सिटी) को प्राप्त विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल सेल शिमला द्वारा 2 अगस्त को शोघी बैरियर पर सघन नाकाबंदी की गई। सूचना के अनुसार, दो युवक मोटरसाइकिल पर हेलमेट के अंदर हेरोइन छिपाकर शिमला की ओर आ रहे थे। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक मोटरसाइकिल को रोका और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में दोनों की गहन तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपी ध्रुव सलोतरा (23 वर्ष), निवासी शिमला, के द्वारा पहने गए हेलमेट की इनर पैडिंग के भीतर लगभग 09 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसे बड़ी चालाकी से छिपाया गया था। पुलिस ने ध्रुव सलोतरा तथा उसके साथी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना पश्चिमी शिमला में अभियोग संख्या 158/2026, दिनांक 02.08.2026, के तहत धारा 21 एवं 29 एनडीपीएस अधिनियम का मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हेलमेट में छिपाने का यह तरीका तस्करों के लिए नया था, लेकिन हमारी टीमें पूरी तरह सतर्क थीं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने के लिए गहन अन्वेषण कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी तथा इनका किसी बड़े नशा नेटवर्क से कोई संबंध तो नहीं है। शिमला पुलिस का नशा मुक्ति अभियान लगातार जारी है।








