Home ट्रेंडिंग एसजेवीएन फाउंडेशन ने रामपुर बुशहर के आयुर्वेदिक अस्पताल में अत्याधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र...

एसजेवीएन फाउंडेशन ने रामपुर बुशहर के आयुर्वेदिक अस्पताल में अत्याधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र मशीन का किया शुभारम्भ

4
0

भूपेंद्र ठाकुर,

17 जुलाई / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

एसजेवीएन फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत रामपुर जल विद्युत स्टेशन, बायल द्वारा आज आयुर्वेदिक अस्पताल, रामपुर बुशहर में रोगियों की जाँच सुविधा को सुदृढ़ करने हेतु Fully Auto Bio Chemistry Analyzer मशीन का विधिवत शुभारम्भ किया गया।

इस अवसर पर ई. विकास मारवाह, परियोजना प्रमुख, रामपुर एचपीएस, बायल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ श्री संजीव शर्मा, उप महाप्रबंधक (इलेक्ट्रिकल), पीएचईएम विभाग, श्रीमती कौशल्या देवी नेगी, उप महाप्रबंधक (आरएंडआर/सीएसआर), रामपुर एचपीएस, डॉ. रोहिणी शर्मा, उप मंडलीय आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी, रामपुर बुशहर तथा आयुर्वेदिक विभाग एवं रामपुर एचपीएस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि आयुर्वेदिक अस्पताल, रामपुर बुशहर में प्रतिवर्ष लगभग 40,000 से 42,000 बाह्य रोगियों (OPD) तथा लगभग 1,000 अंतरंग रोगियों (IPD) का उपचार किया जाता है। अस्पताल में उपचार के दौरान सभी आवश्यक जाँचें निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। इस अत्याधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र मशीन की स्थापना से अब रोगियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण जाँच सुविधा प्राप्त होगी, जिससे तहसील रामपुर, कुमारसैन, ननखड़ी (जिला शिमला), तहसील निचार (जिला किन्नौर) तथा तहसील निरमंड एवं आनी (जिला कुल्लू) के हजारों लोग लाभान्वित होंगे।

अपने संबोधन में ई. विकास मारवाह ने कहा कि “एसजेवीएन सदैव समाज के समग्र विकास एवं जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस आधुनिक मशीन के उपलब्ध होने से मरीजों को विभिन्न परीक्षणों के लिए बेहतर एवं शीघ्र सुविधा मिलेगी, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद रोगियों को निःशुल्क जाँच का लाभ मिल सकेगा।” उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

एसजेवीएन की इस सामाजिक पहल से स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह है तथा अस्पताल प्रशासन ने इस योगदान के लिए एसजेवीएन फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here