Home क्राइम फरारी खत्म! 12 साल पुराने केस में भगोड़ा चढ़ा पुलिस के हत्थे,...

फरारी खत्म! 12 साल पुराने केस में भगोड़ा चढ़ा पुलिस के हत्थे, दाड़लाघाट PO सेल ने पंजाब से किया गिरफ्तार

4
0

भावना ठाकुर,

28 जुलाई / दाड़लाघाट।

Jeevan Ayurveda Clinic

पुलिस थाना दाड़लाघाट की पी.ओ. (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल ने भगोड़े अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने लगातार मुहीम चलाकर पंजाब राज्य के घनोली क्षेत्र से एक 33 वर्षीय भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले काफी समय से अदालत के समन की अवहेलना कर रहा था और अपने ठिकाने बदल-बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार पुत्र निक्कू राम के रूप में हुई है। वह गाँव बहरन, डाकखाना व तहसील झंडूता, जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश का मूल निवासी है। उसके खिलाफ ताजा मामला पुलिस थाना दाड़लाघाट में अभियोग संख्या 59/2026, दिनांक 26-07-2026 के तहत धारा 209 और 269 बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) के तहत पंजीकृत किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी आरोपी पर दाड़लाघाट थाने में अभियोग संख्या 73/2013, दिनांक 16-10-2013 के तहत धारा 406 और 407 भा.दं.सं. (आपराधिक विश्वासघात व सार्वजनिक सेवक द्वारा संपत्ति की डकैती) का मामला दर्ज था। उस केस में इसे पहले भी गिरफ्तार किया गया था और अदालत में चालान पेश किया गया था। हालांकि, मुकदमे (ट्रायल) के दौरान आरोपी ने बार-बार अदालत में पेश होने के आदेशों की अनदेखी की, जिसके बाद माननीय अदालत ने 12 जून 2026 को उसे भगोड़ा (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) घोषित कर दिया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पी.ओ. सेल की टीम लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन आरोपी अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदलता रहता था। तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने उसका पता लगाया और 26 जुलाई 2026 को पंजाब के घनोली इलाके से उसे दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपी को आज (27 जुलाई 2026) माननीय न्यायालय में पेश कर दिया है। फिलहाल, इस मामले में आगामी जांच जारी है और पुलिस रिमांड के माध्यम से अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here