Home कल्चर अंतरराष्ट्रीय छात्र विनिमय कार्यक्रम के अंतर्गत विदेशी छात्रों का सोलन आगमन

अंतरराष्ट्रीय छात्र विनिमय कार्यक्रम के अंतर्गत विदेशी छात्रों का सोलन आगमन

11
0

भावना ठाकुर,

21 जुलाई / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

लायंस क्लब सोलन वैली द्वारा अंतरराष्ट्रीय छात्र विनिमय कार्यक्रम (International Student Exchange Program) के अंतर्गत 23 एवं 24 जुलाई 2026 को सोलन में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इस कार्यक्रम में नीदरलैंड, तुर्की, स्विट्जरलैंड, ब्राज़ील एवं इटली सहित विभिन्न देशों से आए अंतरराष्ट्रीय छात्र भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में स्टेइन ज़्वार्ट (नीदरलैंड), कैन सेनचायिर (तुर्की), नायला पल्वर (स्विट्जरलैंड), इसाडोरा सिल्वा (ब्राज़ील), एमरे फेरिक (तुर्की) तथा एलेनोरा एकर (इटली) शामिल हैं। इनके साथ भारतीय प्रतिनिधियों के रूप में जेगकाशु कोच्छड़, मेहक शर्मा, रचित जैन एवं लायन संजीव गुप्ता भी इस सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम का हिस्सा होंगे

23 जुलाई को प्रातः 9:30 बजे विदेशी छात्रों का सोलन रेलवे स्टेशन पर पारंपरिक हिमाचली अंदाज़ में स्वागत किया जाएगा। इसके उपरांत उन्हें होटल आवास में ठहराया जाएगा। सुबह 11:00 बजे छात्र साई इंटरनेशनल स्कूल, सोलन का भ्रमण करेंगे, जहाँ उनका विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के साथ एक संवादात्मक सत्र आयोजित होगा।

इसके पश्चात छात्र एशिया के सबसे ऊँचे शिव मंदिर जटोली मंदिर के दर्शन करेंगे तथा दोपहर में मोहन शक्ति हेरिटेज पार्क का भ्रमण करेंगे।

सायंकाल कैफे 7, सोलन में प्रेस क्लब सोलन के साथ एक विशेष प्रेस वार्ता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय छात्र मीडिया प्रतिनिधियों के साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही उन्हें हिमाचल की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया जाएगा तथा हिमाचली पारंपरिक व्यंजनों का विशेष स्वाद (Food Tasting Session) भी कराया जाएगा, ताकि वे हिमाचल की अतिथि सत्कार की परंपरा एवं स्थानीय खान-पान का अनुभव प्राप्त कर सकें।

इसके उपरांत अतिथि छात्र सोलन के प्रसिद्ध मॉल रोड का भ्रमण करेंगे तथा रात्रि भोज होटल आवास में आयोजित होगा।

24 जुलाई को प्रातः विदेशी छात्र सानो सिटो थैरेप्यूटिक्स इंक. में आयोजित वृक्षारोपण अभियान में भाग लेंगे। इस पर्यावरण संरक्षण अभियान के माध्यम से “ग्रीन हिमाचल – ग्रीन इंडिया” का संदेश दिया जाएगा। इसके उपरांत छात्र कासौली के लिए प्रस्थान करेंगे।

लायंस क्लब सोलन वैली के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम विभिन्न देशों के विद्यार्थियों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी मित्रता, वैश्विक समझ एवं सेवा भावना को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। क्लब भविष्य में भी ऐसे जनहित एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग के कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

यह संपूर्ण कार्यक्रम मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट इंटरनेशनल स्टूडेंट एक्सचेंज कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका समन्वय मल्टीपल डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर लायन विनीत गोयल के मार्गदर्शन में लायन संजीव गुप्ता एवं लायन विकास सेठ द्वारा किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here