भावना ठाकुर,
20 जुलाई / अर्की (सोलन)।
पुलिस थाना अर्की ने एक मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जिला शिमला के पुलिस थाना सुन्नी में एक अन्य बाइक चोरी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद की गई।
जानकारी के अनुसार, अर्की निवासी श्री नावेद ने 4 जुलाई, 2026 को पुलिस थाना अर्की में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उन्होंने 4 जुलाई की रात को अपनी मोटरसाइकिल ब्लू स्टार स्कूल, अर्की के समीप सड़क किनारे खड़ी की थी। अगली सुबह जब वह वहाँ पहुँचे, तो उनकी बाइक गायब थी। स्वयं की तलाश में सफलता न मिलने पर उन्होंने अज्ञात चोर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। चोरी गई बाइक की कीमत लगभग 60,000 रुपये आंकी गई है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अन्वेषण शुरू किया। जाँच के दौरान, पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। इसी बीच, पुलिस को सूचना मिली कि थाना सुन्नी में एक अन्य बाइक चोरी मामले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इस पर अर्की पुलिस की टीम तुरंत सुन्नी पहुँची और दोनों आरोपियों से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अर्की से बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद, पुलिस थाना अर्की ने माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किया और दोनों आरोपियों—मंदीप सिंह (पुत्र श्री मुन्शी सिंह, निवासी मोहल्ला सड़क, अनाज मंडी के समीप, पटियाला, पंजाब, आयु 24 वर्ष) तथा गुरदीप सिंह (पुत्र श्री निरंजन सिंह, निवासी मोहल्ला सड़क, अनाज मंडी के समीप, पटियाला, पंजाब, आयु 24 वर्ष) को आज दिनांक 18 जुलाई 2026 को ट्रांसफर अरेस्ट के तहत गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों का चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त कर लिया है, और उनसे गहन पूछताछ जारी है। साथ ही, आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जाँच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इन्होंने अन्य स्थानों पर भी वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।








