भावना ठाकुर,
20 जुलाई / धर्मपुर (सोलन)।
पुलिस थाना धर्मपुर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब रोडवेज की एक बस में तलाशी अभियान चलाया गया, जिसमें एक युवक के कब्जे से 22 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान पुनीत (पुत्र श्री तारा चाँद, निवासी गाँव देओगी, डाकघर उर्टू, तहसील निरमंड, जिला कुल्लू, हिमाचल प्रदेश, आयु 23 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लेते हुए एनडीपीएस अधिनियम के तहत थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर लिया।

अभियोग के अन्वेषण के दौरान आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसका 5 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और उसके अन्य संभावित साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
साथ ही, आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जाँच की जा रही है, तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या वह किसी बड़े तस्कर गिरोह से जुड़ा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई व अन्वेषण जारी है।








