भावना ठाकुर,
11 जुलाई / सोलन।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले से एक खौफनाक वारदात सामने आई है, जहां तीन युवकों ने एक युवती को सड़क से करीब 80 से 100 मीटर गहरी ढांक (खाई) में धक्का देकर फेंक दिया। सूचना मिलने के आधे घंटे के भीतर ही पुलिस ने तीनों आरोपियों को नगाली के पास से दबोच लिया। पीड़िता को गंभीर अवस्था में आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 जुलाई की शाम करीब 8:15 बजे स्थानीय व्यक्ति नरेश कुमार (निवासी बड़ोग) देहुंघाट से गलोग की ओर जा रहे थे। पंच परमेश्वर मंदिर के पास उन्होंने तीन युवकों को एक युवती के साथ देखा। कुछ आगे बढ़ने पर उन्हें शक हुआ कि युवक युवती का गला दबा रहे हैं। उन्होंने गाड़ी मोड़ी और वापस लौटे, तभी उन्होंने तीनों को युवती को गहरी खाई में फेंकते देखा और युवक पैदल नगाली की ओर भाग गए।
घटना की सूचना राजेश ने 11 जुलाई को पुलिस चौकी सपरून को दी। पुलिस चौकी ने तत्काल थाना सदर सोलन को अवगत कराया। प्रभारी थाना सदर के नेतृत्व में पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से खून के निशान भी मिले। स्थानीय लोगों के सहयोग से खाई में रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन तब तक पीड़िता झाड़ियों से निकलकर बाईपास रोड पर पहुंच चुकी थी, जहाँ से उसे सिविल अस्पताल सोलन ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति के कारण उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को नगाली के पास से हिरासत में लिया। आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई:
- मदन कुमार (28 वर्ष), पुत्र राम रंगीला, निवासी चौधार्याप फकुरवा, कतरा बाजार, करनैलगंज, गौंडा (यूपी)।
- दलीप कुमार (28 वर्ष), पुत्र शालिगराम, निवासी सिसवारा, नानपारा, बहराइच (यूपी)।
- शिवम् (20 वर्ष), पुत्र शालिगराम, निवासी सिसवारा, नानपारा, बहराइच (यूपी)।
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि पीड़िता आरोपी दलीप कुमार की पत्नी है और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दलीप ने अपने भाई शिवम् और दोस्त मदन के साथ पत्नी की हत्या की साजिश रची। तीनों उसे घूमने का बहाना बनाकर उत्तर प्रदेश से सोलन ले आए। रात के अंधेरे में सुनसान जगह पर पहले उन्होंने पीड़िता के गले पर चाकू से वार किया, फिर उसे गहरी खाई में फेंक दिया और उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे। हालांकि, पुलिस ने घटना के आधे घंटे के भीतर ही उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। साथ ही, उनके आपराधिक इतिहास को संबंधित राज्यों के पुलिस बलों से सत्यापित किया जा रहा है। मौके से भौतिक और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित कर लिए गए हैं। मामले की हर पहलू से निष्पक्ष और गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना के सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों को स्पष्ट कर दिया जाएगा।








