भूपेंद्र ठाकुर,
24 नवंबर / नई दिल्ली/शिमला।
भारत-नेपाल ऊर्जा साझेदारी को सुदृढ़ करने और स्वच्छ ऊर्जा विकास को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री श्री बालेंद्र शाह ने नई दिल्ली से आयोजित वर्चुअल समारोह के माध्यम से नेपाल में एसजेवीएन की 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का संयुक्त रूप से शिलान्यास किया। यह परियोजना लगभग 5,792 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली ऐतिहासिक जलविद्युत परियोजना है, जिससे भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग को नई ऊंचाई मिलने की उम्मीद है।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह द्वारा एसजेवीएन पर विकास साझेदार के रूप में विश्वास व्यक्त करने के लिए उनका आभार प्रकट किया। उन्होंने परियोजना के लिए आवश्यक स्वीकृतियां और अनुमोदन शीघ्र प्राप्त करने में सहयोग के लिए भारत और नेपाल सरकार के विद्युत मंत्रालय, विदेश मंत्रालय तथा अन्य प्रमुख मंत्रालयों का भी धन्यवाद व्यक्त किया।
इस अवसर पर लोअर अरुण परियोजना स्थल पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें परियोजना कर्मी, नेपाल सरकार के ऊर्जा मंत्रालय, नेपाल निवेश बोर्ड, जिला समन्वय समिति के प्रतिनिधि, स्थानीय सरकार के नेता, नगर प्रमुख एवं गांव पालिका प्रमुख, वार्ड प्रतिनिधि, जिला वन विभाग, सामुदायिक वन उपभोक्ता समूह तथा स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। एसजेवीएन के प्रबंधन और कर्मचारियों ने कार्यक्रम के लाइव प्रसारण के माध्यम से वर्चुअल रूप से सहभागिता की।
669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना का विकास पूर्वी नेपाल के संखुवासभा और भोजपुर जिलों में अरुण नदी पर एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी एसजेवीएन लोअर अरुण पावर डेवलपमेंट कंपनी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। परियोजना की अनुमानित लागत 5,792.36 करोड़ रुपये और अनुमानित टैरिफ 4.99 रुपये प्रति यूनिट है। इससे प्रतिवर्ष लगभग 2,901 मिलियन यूनिट ऊर्जा उत्पादन का अनुमान है। परियोजना में 167.25 मेगावाट क्षमता की चार जेनरेटिंग यूनिट, 17.4 किलोमीटर लंबी हेड रेस टनल और सरफेस विद्युतगृह शामिल हैं। इसे बूट आधार पर विकसित किया जा रहा है और वित्तीय वर्ष 2030-31 के दौरान कमीशन किए जाने का लक्ष्य है। निर्माण के प्रमुख पैकेज पहले ही आबंटित किए जा चुके हैं और निर्माण गतिविधियां प्रगति पर हैं।
परियोजना की एक प्रमुख विशेषता इसी नदी के अपस्ट्रीम में स्थित एसजेवीएन की 900 मेगावाट की अरुण-3 जलविद्युत परियोजना के साथ इसका एकीकरण है। दोनों परियोजनाओं को टैंडम ऑपरेशन प्रणाली के अंतर्गत डिजाइन किया गया है, जिसमें अरुण-3 से छोड़े गए जल का उपयोग लोअर अरुण परियोजना में ऊर्जा उत्पादन के लिए किया जाएगा। इससे जल संसाधनों का इष्टतम उपयोग सुनिश्चित होगा और अलग जलाशय निर्माण के बिना अतिरिक्त नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन संभव हो सकेगा।
परियोजना विकास करार के अंतर्गत उत्पादित ऊर्जा का 21 प्रतिशत नेपाल सरकार को निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नेपाल की ऊर्जा सुरक्षा सुदृढ़ होगी। परियोजना से लागू करों और रॉयल्टी के माध्यम से नेपाल के राजस्व में वृद्धि होगी तथा सीमा-पार विद्युत व्यापार से विदेशी मुद्रा अर्जन में भी योगदान मिलेगा। निर्माण और प्रचालन चरणों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होने की संभावना है, जिससे संखुवासभा और भोजपुर जिलों में स्थानीय आर्थिक विकास को प्रोत्साहन मिलेगा। परियोजना के अंतर्गत विद्यालयों और स्वास्थ्य सुविधाओं का निर्माण एवं उन्नयन, पेयजल आपूर्ति प्रणालियों का विकास तथा अन्य आवश्यक सामुदायिक अवसंरचनाओं के निर्माण जैसी स्थानीय क्षेत्र विकास पहलों से भी सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
नेपाल सरकार द्वारा यह परियोजना एसजेवीएन को 29 जनवरी 2021 को अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के माध्यम से आबंटित की गई थी। इसके बाद 11 जुलाई 2021 को इन्वेस्टमेंट बोर्ड नेपाल के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए और भारत एवं नेपाल के प्रधानमंत्रियों की गरिमामयी उपस्थिति में 1 जून 2023 को परियोजना विकास करार पर हस्ताक्षर किए गए। एसजेवीएन लिमिटेड भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय के अधीन नवरत्न सीपीएसई है, जो भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश सरकार का संयुक्त उपक्रम है। 1500 मेगावाट के नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन से अपनी यात्रा शुरू करने वाली एसजेवीएन ने हाइड्रो, थर्मल, सोलर, विंड और विद्युत पारेषण क्षेत्रों में अपने कार्यक्षेत्र का विस्तार किया है तथा नेपाल में अपनी बढ़ती उपस्थिति के माध्यम से क्षेत्रीय ऊर्जा सहयोग को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।






