भूपेंद्र ठाकुर,
24 अगस्त / शिमला।
शिमला पुलिस ने ठियोग क्षेत्र में हुए विवाद से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पिछले कुछ दिनों में हुई दो गंभीर घटनाओं की जांच के दौरान की गई है।

पहली घटना 15/16 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि ठियोग क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की है, जिसके संबंध में थाना ठियोग में अभियोग संख्या 115/2026 पंजीकृत किया गया था। इसी विवाद के सिलसिले में 16/17 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि बाईपास ठियोग के पास मारपीट, चोट पहुंचाने और वाहन क्षतिग्रस्त करने की एक और घटना सामने आई। इस दूसरी घटना के लिए अभियोग संख्या 117/2026 दर्ज किया गया, जिसमें धारा 115(2), 116, 191(2), 191(3), 190, 324(5), 351(3), 118(1), 118(2) एवं 126(2) BNS के तहत मामला चलाया जा रहा है।
पुलिस ने अभियोग संख्या 117/2026 में पहले चरण में 21 अगस्त 2026 को पांच आरोपियों—अंकित वर्मा @ अंकित वेक्टा, अंकुश वेक्टा, कपिल वर्मा, साहिल एवं पंकज वर्मा—को गिरफ्तार किया। इसके बाद 23 अगस्त को निशान्त ठाकुर एवं निखिल भोटका तथा 24 अगस्त को कृष्ण कुमार उर्फ KK को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार इस अभियोग में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
वहीं, इसी घटनाक्रम से जुड़े एक अन्य मामले अभियोग संख्या 114/2026 (धारा 115(2), 126(2), 140(3), 191(2), 190 एवं 351(2) BNS) में पुलिस ने 23 अगस्त 2026 को आरोपी साहिल भाटिया (पुत्र देवेन्द्र सिंह, निवासी ठियोग, आयु 24 वर्ष) को गिरफ्तार किया। इस मामले में आरोपी द्वारा प्रयोग की गई बोलेरो कैंपर वाहन संख्या HP63D-2752 को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

इन दोनों अभियोगों में मिलाकर अब तक नौ आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस थाना ठियोग की टीम ने साइबर सेल की तकनीकी सहायता से लगातार जमीनी और तकनीकी स्तर पर प्रयास किए। उपलब्ध सूचनाओं के विश्लेषण के बाद संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों में जांच जारी है और संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष एवं कानूनानुसार कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है।








