हिमाचल समय न्यूज़
25 नवंबर / मंडी।
बल्ह विधानसभा क्षेत्र की पंचायत सोयरा के अंतर्गत माता वैष्णवी मंदिर डोलंगी में हिमाचल संस्कृत अकादमी की ओर से गुरु नानक देव जयंती एवं कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक भव्य संस्कृत एवं भारतीय संस्कृति समागम का आयोजन किया गया।
समारोह के सफल आयोजन में हिमाचल संस्कृत अकादमी के सचिव डॉ. प्रवीण कुमार आचार्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अकादमी की विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की जानकारी दी और सभी विद्वानों व अतिथियों का स्वागत किया। वहीं, पूरे सत्र का कुशल संचालन वरिष्ठ विद्वान डॉ. पद्मनाभ शर्मा ने किया, जिनकी साहित्यिक शैली, समयबद्धता और विद्वत्तापूर्ण संयोजन की सभी अतिथियों और श्रोताओं ने मुक्तकंठ से सराहना की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में वैदिकगण भारतम् के संस्थापक अध्यक्ष वत्स देशराज शर्मा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने संस्कृत में अत्यंत प्रभावशाली एवं श्लोकबद्ध वक्तव्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को देववाणी की मधुरता से गुंजायमान कर दिया। अपने सारगर्भित और ओजस्वी संबोधन का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कुरुक्षेत्र के सुप्रसिद्ध विद्वान श्री मार्कण्डेय रवीन्द्र जी के अग्रज आदरणीय श्री रेशमानन्द शास्त्री जी द्वारा रचित विश्वविख्यात महाकाव्य ‘नानकमहिमा’ के एक दिव्य पद्य का सस्वर पाठ किया। उन्होंने इस महाकाव्य की विशिष्ट साहित्यिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए गुरु नानक देव जी के समता, सौहार्द और सत्य के संदेश को वर्तमान समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक बताया।
इसके साथ ही वक्ता के रूप में उपस्थित पूर्व उपनिदेशक (डिप्टी डायरेक्टर) शिक्षा, कुल्लू सीताराम बंसल ने भी अपने विद्वत्तापूर्ण विचार साझा किए और भारतीय ज्ञान परंपरा तथा सामाजिक सद्भाव पर प्रकाश डाला।
समापन अवसर पर अकादमी सचिव डॉ. प्रवीण कुमार आचार्य ने मुख्य अतिथि जिला उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन के करकमलों से मुख्य वक्ता वत्स देशराज शर्मा, वक्ता सीताराम बंसल सहित उपस्थित सभी विद्वानों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित करवाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी ने किया, जबकि अध्यक्षता चमन राही ने की और जीवन कुमार विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर नवदुर्गा वैष्णव कल्याण समिति के पदाधिकारियों सहित नरेंद्र शर्मा, सर्वजीत कौर, नागेंद्र भारद्वाज, आचार्य अर्जुन, डॉ. नवनीत शर्मा, कर्नल हरभजन भाटिया, हंसा देवी, लोकसिंह नेगी तथा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भारी संख्या में भाग लिया।








