भूपेंद्र ठाकुर,
16 सितंबर / शिमला।
राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय (कोटशेरा), चौड़ा मैदान, शिमला में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय
ग्रुप -1 (क्रिएटिविटी) प्रतियोगिता का आज रंगारंग और गरिमामयी माहौल में शुभारंभ हो गया। 16 से 18 सितंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय युवा उत्सव के पहले दिन प्रदेश भर के महाविद्यालयों से आए लगभग 600 युवा कलाकारों और प्रतिभागियों ने अपनी कला और बौद्धिक कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन हिमाचल प्रदेश उच्च शिक्षा निदेशक, प्रो. सुनीता सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर युवा सेवा एवं खेल विभाग, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही, राजकीय कन्या महाविद्यालय शिमला, (आरकेएमवी) की प्राचार्या डॉ. अनुरीता सक्सेना के साथ डॉ. लक्ष्मी सिंधु, डॉ. गीता शर्मा और डॉ. इशिता चौहान ने समारोह की शोभा बढ़ाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान ने अपने स्वागत संबोधन में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों और विभिन्न महाविद्यालयों से पधारे दल प्रभारियों (कॉन्टिनजेंट इंचार्ज) का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है कि वह इतने बड़े प्रदेश स्तरीय आयोजन का केंद्र बना है। उन्होंने विद्यार्थियों को युवा महोत्सव में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया तथा उन्हें अपनी प्रतिभा और क्षमताओं को प्रदर्शित करने का अवसर पूरी तरह से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रो. सुनीता सिंह ने कोटशेरा महाविद्यालय की इस शानदार मेजबानी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए रीढ़ की हड्डी समान हैं। उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत या हार से ज्यादा महत्वपूर्ण इस भव्य मंच पर अपनी कला और विचारों को बेबाकी से प्रस्तुत करना है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे आयोजनों में निर्णायकगण विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा (Latent Talent) को पहचानने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उनके अनुसार, ऐसे आयोजनों के माध्यम से महाविद्यालयों को प्रतिभाशाली खिलाड़ी, अभिनेता तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रतिभा रखने वाले विद्यार्थी मिलते हैं।
इस तीन दिवसीय युवा महोत्सव के विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में केंद्रीय विश्वविद्यालय हिमाचल प्रदेश से प्रो. निरुपमा सिंह, चितकारा विश्वविद्यालय से प्रो. रंजन कुमार मलिक, प्रो. श्रीराम शर्मा, प्रो. खेम राज और प्रो. भरत विभिन्न प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन करेंगे।
उद्घाटन के बाद निर्धारित स्पर्धाओं का सिलसिला शुरू हो गया।
पहले दिन हिंदी एवं अंग्रेजी में एलोकेशन (Elocution), वाद-विवाद, , ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग (Clay-modelling), तथा कार्टूनिंग मेकिंग जैसी प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। एलोक्यूशन तथा वाद -विवाद प्रतियोगिता में कुल 56 महाविद्यालयों के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं|
ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता में कुल 35 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक विचारों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करने का अवसर दिया।
इसके पश्चात क्ले मॉडलिंग (Clay Modelling) प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें कुल 24 महाविद्यालयों ने भाग लिया।
आयोजन समिति ने इस भव्य उत्सव को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने के लिए सतलज जल विद्युत निगम लिमिटेड (SJVNL) का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनका इस आयोजन में बहुमूल्य प्रायोजन (Sponsorship) सहयोग रहा है।
आयोजन सचिव डॉ. राजीव शर्मा ने जानकारी दी कि पहले दिन का सत्र पूरी तरह सफल रहा और आगामी दो दिनों में भी युवाओं की रचनात्मकता के नए आयाम देखने को मिलेंगे|17 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले कार्यक्रम
युवा महोत्सव के अंतर्गत 17 सितंबर 2026 को निम्नलिखित प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएँगी:
- कार्टूनिंग
- पोस्टर मेकिंग
- रंगोली
- कोलाज मेकिंग।








