भूपेंद्र ठाकुर,
03 जुलाई / शिमला।
शिमला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत केवल बरामदगी तक सीमित न रहकर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
दिनांक 13.06.2026 को पुलिस थाना झाकड़ी की टीम ने पुलिस चौकी ज्योरी क्षेत्र के बैईबाग मोड़, के समीप नाकाबंदी एवं यातायात जांच के दौरान एक पिकअप वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन के डैशबोर्ड में रखे तंबाकू के एक पैकेट से 06 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इस संबंध में अभियोग संख्या 50/2026, दिनांक 13.06.2026, अधीनधारा 21 NDPS Act, पुलिस थाना झाकड़ी पंजीकृत कर विस्तृत अन्वेषण प्रारंभ किया गया।

अन्वेषण के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, तकनीकी विश्लेषण एवं फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर यह पाया गया कि राजेंद्र कुमार उर्फ मुन्ना पुत्र श्री ईश्वर सिंह, निवासी ग्राम मझगांव, डाकघर रूपी, तहसील निचार, जिला किन्नौर, हिमाचल प्रदेश, आयु 34 वर्ष ने बरामद मादक पदार्थ (चिट्टा/हेरोइन) की खरीद के लिए धनराशि भेजी थी। मामले में उसकी संलिप्तता स्थापित होने पर उसे अभियोग संख्या 50/2026, अधीनधारा 29 NDPS Act, पुलिस थाना झाकड़ी में दिनांक 03.07.2026 को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है तथा यह भी जांच की जा रही है कि नशा तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन व्यक्ति शामिल हैं।
शिमला पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। केवल मादक पदार्थ बरामद करने तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क की पहचान कर उससे जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।








