Home ट्रेंडिंग आपदा के एक साल बाद भी बदहाल है सराज : जयराम ठाकुर

आपदा के एक साल बाद भी बदहाल है सराज : जयराम ठाकुर

5
0

-आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति व्यक्त की भावभीनी श्रद्धांजलि

हिमाचल समय न्यूज़,

30 जून / मंडी।

Jeevan Ayurveda Clinic

मंडी और कुल्लू क्षेत्र में गत वर्ष 30 जून को आई भीषण प्राकृतिक त्रासदी को पूरा एक साल बीत जाने के बाद भी सराज विधानसभा क्षेत्र के हालात बदहाल बने हुए हैं, जिसे लेकर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। जयराम ठाकुर ने सरकार पर अत्यंत गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को आपदा प्रभावितों की कोई चिंता नहीं है और वे जनता की परवाह किए बिना सिर्फ मस्ती में सरकार चलाने में व्यस्त हैं।

पिछले वर्ष आज ही के दिन आई इस प्रलयकारी आपदा में अकेले सराज क्षेत्र में 33 लोगों की अकाल मृत्यु हो गई थी, सैंकड़ों लोग बेघर हो गए थे और एक हज़ार करोड़ रुपये से अधिक के भारी नुकसान का आंकलन किया गया था, लेकिन सरकार एक साल बाद भी इन जख्मों को भरने में पूरी तरह नाकाम रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने मंगलवार को सराज पहुंचकर जमीनी हकीकत बयां करते हुए कहा कि आज भी सराज के लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं और अस्थाई व्यवस्थाओं के सहारे जीवन यापन करने को मजबूर हैं। क्षेत्र में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को केवल अस्थाई तौर पर ही बहाल किया गया है, जिसके कारण वर्तमान बरसात के मौसम में मामूली बारिश होते ही सारी व्यवस्थाएं ठप हो जाती हैं और लोगों के सामने जीवन जीने का गंभीर संकट खड़ा हो जाता है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि क्षेत्र की 150 करोड़ रुपये की प्रमुख पेयजल योजना आज भी बंद पड़ी है, जिससे लगभग तीन दर्जन पंचायतों की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हो रही है।

जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सराज की इस दयनीय स्थिति का मुद्दा विधानसभा सदन के भीतर, बाहर तथा स्वयं मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के समक्ष कई बार प्रमुखता से उठाया, परंतु सरकार ने इस पर कोई सुध नहीं ली। उन्होंने तंज कसते हुए मुख्यमंत्री को तुरंत सराज का दौरा कर वास्तविक स्थिति का जायजा लेने की चुनौती दी और कहा कि जनता से केवल झूठे वादे करना ही इस सरकार की फितरत बन चुकी है। इस भावुक अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री ने आपदा में अपनी जान गंवाने वाले सभी प्रियजनों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं। उन्होंने संकट के समय देश के कोने-कोने से मदद के लिए आगे आए तमाम लोगों का आभार जताते हुए कहा कि भले ही इस त्रासदी ने हमसे बहुत कुछ छीन लिया और गहरे घाव दिए, लेकिन यह हमारे हौसले और संकल्प को कभी कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने सराज और प्रदेश की जनता को आश्वस्त किया कि वे अपनी आखिरी सांस तक पूरी ताकत के साथ उनके हक के लिए खड़े रहेंगे और पुनर्निर्माण के इस कार्य को हर हाल में पूरा करेंगे।

इसी कड़ी में, जयराम ठाकुर ने हाल ही में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में प्रसव के दौरान हुई उनके गृह क्षेत्र सराज की रजनी शर्मा उर्फ मंजू के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने बालीचौकी के सुनारू गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।

परिजनों के दिल दहला देने वाले आरोपों को गंभीरता से सुनते हुए नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से मांग की कि इस पूरे संवेदनशील प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here