भूपेंद्र ठाकुर,
25 जून / शिमला।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के स्कूल गोद लेने कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पुलिस शिमला के सभी राजपत्रित अधिकारियों द्वारा अपने-अपने गोद लिए गए विद्यालयों में नियमित रूप से जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज उप पुलिस अधीक्षक चौपाल द्वारा अपने गोद लिए गए विद्यालय Government Senior Secondary School Chopal में नशा विरोधी जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों तथा उनके स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर एवं भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने साथियों को भी नशामुक्ति के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यशाला के उपरांत विद्यार्थी नशे को “ना” कहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित एवं जागरूक दिखाई दिए।

उल्लेखनीय है कि उप पुलिस अधीक्षक चौपाल द्वारा गोद लिए गए इस विद्यालय में अब तक 6 नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। जिला पुलिस शिमला युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने एवं नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रयासरत है।








