भावना ठाकुर,
23 जून / सोलन।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ग्रेड-ए), सोलन में दिनांक 23 जून 2026 को प्लम्बर एवं WWT ट्रेड की वार्षिक एलुमनाई मीट का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूर्व प्रशिक्षुओं एवं वर्तमान प्रशिक्षुओं के मध्य संवाद स्थापित करना, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी साझा करना तथा उद्योगों की वर्तमान आवश्यकताओं से अवगत कराना था। कार्यक्रम को Pidilite Industries Ltd. द्वारा प्रायोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान की प्रधानाचार्या इंजीनियर नवीन कुमारी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने पूर्व प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए कहा कि एलुमनाई संस्थान की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके अनुभव वर्तमान प्रशिक्षुओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ कार्यस्थल पर अनुशासन एवं व्यावसायिक नैतिकता अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सरदार करमजीत सिंह, ग्रुप इंस्ट्रक्टर तथा इंजीनियर एम. के. शर्मा, ग्रुप इंस्ट्रक्टर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन इंजीनियर नरेंद्र कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने एलुमनाई मीट के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पूर्व प्रशिक्षुओं को अपने अनुभव साझा करने के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के पूर्व प्रशिक्षुओं ने भाग लिया तथा अपने कार्यानुभव, रोजगार के अवसरों, उद्योगों में अपेक्षित कौशल तथा स्वरोजगार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी वर्तमान प्रशिक्षुओं के साथ साझा की। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने भी अपने प्रश्न पूछे और अनुभवी एलुमनाई से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले पूर्व प्रशिक्षुओं को सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को स्मृति स्वरूप टूल किट भेंट की गई। साथ ही सभी उपस्थित एलुमनाई एवं अतिथियों के लिए दोपहर के भोजन की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर कारपेंटर ट्रेड के अनुदेशक श्री सुभाष धीमान तथा प्लम्बर ट्रेड के ट्रेनर इंजीनियर लखविंदर सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, पूर्व प्रशिक्षुओं एवं Pidilite Industries Ltd. के प्रतिनिधियों का सहयोग एवं सहभागिता के लिए धन्यवाद व्यक्त किया गया। एलुमनाई मीट सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को जारी रखने पर बल दिया।








